उझानी। छह दिन पहले पुलिस हिरासत से फरार वारंटी सत्येंद्र के मुरादाबाद जिले में छिपे होने के संकेत मिल रहे हैं। जल्द ही पुलिस की टीमें उसकी तलाश में मुरादाबाद जाएंगी।
पत्नी के साथ घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न से जुड़े मामले में भर्राटोला मोहल्ला निवासी सत्येंद्र कुमार का कोर्ट ने भरण-पोषण जमा नहीं करने वारंट जारी किया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस कर्मी उसे कोर्ट में पेश करने से पहले 24 जनवरी को मेडिकल कराने के लिए अस्पताल पहुंची तो वह चकमा देकर फरार हो गया। सत्येंद्र की गिरफ्तारी के लिए इंस्पेक्टर क्राइम संजय कुमार और एसएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में दो टीमें बन चुकी है। कोशिश के बाद भी हत्थे नहीं चढ़ने के बाद पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
बताते हैं कि सत्येंद्र का मुरादाबाद जिले के दो कस्बों से काफी पुराना संबंध रहा है। वहां उसने ड्राइवरी भी की है। उस दौरान एक वारदात में उसका नाम उछला था। अभी तक हुई पुलिस की छानबीन में पता चला है कि अस्पताल से भागने के बाद उसके एक मोबाइल फोन की लोकेशन बिल्सी क्षेत्र में मिली थी। पुलिस उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स भी खंगाल रही है। उसके दो-तीन करीबियों पर भी पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।