बदायूं। ठंड के चलते कई दिनों से बंद स्कूल सोमवार को खुले। कोहरा छाए रहने की वजह से काफी कम संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल पहुंचे। इसकी वजह से स्कूलों में शिक्षण कार्य भी ठीक से नहीं हो सका। आने वाले दिनों में स्कूल में बच्चों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
जिले में पिछले कुछ समय से ठंड काफी पड़ रही है। इस कारण डीएम ने 27 जनवरी तक अवकाश घोषित किया था। शनिवार को मौसम साफ होने की वजह से डीएम में रविवार देर रात स्कूलों के अवकाश को आगे न बढ़ाते हुए सोमवार से स्कूलों को खोलने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने 12वीं तक के स्कूलों के समय में बदलाव भी किया। ऐसे में सोमवार को जिले के सभी स्कूल, कॉलेज खोले गए। हालांकि सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा था। इस कारण स्कूलों में छात्र-छात्राओं की संख्या कम दिखी। वहीं दोपहर के समय धूप निकलने से कुछ राहत मिली। आने वाले दिनों में स्कूल में छात्राओं की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।
इस सप्ताह बन रहे बूंदाबांदी की आसार
तापमान में आएगी गिरावट, उसके बाद साफ होगा मौसम
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भले ही सुबह कोहरा छाया रहा हो लेकिन दोपहर में धूप ने काफी राहत दी। आने वाले दिनों में बूंदाबारी या हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। यदि बारिश होती है तो तापमान में गिरावट आएगी, लेकिन उसके बाद मौसम साफ हो जाएगा।
रविवार को जहां अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री दर्ज किया गया था वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 22.4 हो गया। न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री रहा। मौसम विज्ञानी डॉ. आलोक सागर गौतम के अनुसार, इस महीने के आखिरी दिन यानी कल बूंदाबांदी के आसार बन रहे हैं वहीं एक फरवरी को हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने से सर्दी का अहसास ज्यादा रहेगा। पूरे सप्ताह बादल छाने के आसार है लेकिन यदि बारिश होती है तो स्थिति बदल सकती है।
सोमवार को सुबह छाया कोहरा। संवाद
सोमवार को सुबह छाया कोहरा। संवाद