मतदाता जागरूकता साइकिल रैली निकालते छात्र-छत्राएं।स्रोत-प्रशासन
बदायूं। लोकसभा चुनाव में शत प्रतिशत मतदान के लिए मतदाताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को विद्यार्थियों ने साइकिल रैली निकालकर मतदाताओं को ‘सबसे पहले करें मतदान, उसके बाद करें कोई और काम’, का संदेश दिया। इस दौरान लोकतंत्र में सशक्त भूमिका निभाने के लिए मतदान की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया।
एडीएम (प्रशासन) रेनू सिंह ने कहा कि लोकतंत्र के महापर्व में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। सभी को न केवल अपने मत का प्रयोग करना चाहिए, बल्कि समाज के अन्य वर्गों को भी प्रोत्साहित करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि पहले मतदान हो उसके बाद ही कोई अन्य कार्य किया जाए। जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने की आवश्यकता है।
साइकिल रैली राजकीय इंटर काॅलेज से शुरू होकर लावेला चौक, रजी चौक, सुभाष चौक, आर्य समाज चौक, हलवाई चौक, घंटाघर, छङ सडका, गांधी ग्राउंड होती हुई राजकीय इंटर काॅलेज पहुंचकर समाप्त हुई। अंत में रैली में शामिल सभी लोगों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। इस मौके पर डीएआईओएस प्रवेश कुमार, जिला क्रीड़ाधिकारी अमित रिचारिया, एआरटीओ रामवचन, बदायूं क्लब के सचिव डाॅ. अक्षत अशेष, राजकीय कन्या इंटर काॅलेज की प्रधानाचार्या अल्पना कुमार मौजूद रहीं।