बदायूं। जरूरतमंद मरीजों को अक्सर उनके ब्लड ग्रुप का रक्त समय पर नहीं मिल पाता। इसे देखते हुए अमर उजाला की ओर से दो अक्तूबर को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस मुहिम का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को रक्तदान के लिए प्रोत्साहित करना और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाना है। इसमें भाजपा, युवा मंच संगठन समेत सामाजिक संस्था का सहयोग कर रहे हैं।
अमर उजाला फाउंडेशन की आरे से जिला अस्पताल ब्लड बैंक में आयोजित इस राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का उद्घाटन सुबह नौ बजे सीएमएस डॉ. अमित वार्ष्णेय करेंगे। शिविर दोपहर दो बजे तक चलेगा। ब्लड बैंक प्रभारी शिवम रस्तोगी ने बताया कि रक्तदान करने वाले व्यक्ति का शरीर 24 घंटे में अपने आप उतना खून बना लेता है, इसलिए रक्तदान करने से कमजोरी नहीं होती है।
लोगों में एक भ्रांति यह है कि रक्तदान करने से कमजोरी हो जाती है, जबकि वास्तव में ऐसा नहीं है। रक्तदान से शरीर में रेड ब्लड सेल्स की निर्माण प्रक्रिया तेज होती है और नियमित रक्तदान करने वालों में उच्च रक्तचाप और हृदय रोग का खतरा भी कम रहता है।
अमर उजाला फाउंडेशन और जिला अस्पताल प्रशासन ने सभी लोगों से अपील की है कि इस शिविर से जुड़े और दूसरों को जीवन का अनमोल उपहार दें। यह न केवल जरूरतमंदों की मदद करेगा बल्कि रक्तदान करने वालों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालेगा। स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में भाग लेकर आप किसी की जान बचा सकते हैं।