क्षेत्र के गांव मोहनपुर में वायरल ने पैर पसार लिए हैं। गांव में कई महिलाएं, पुरुष और बच्चे वायरल की चपेट में हैं। उप स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं का अभाव होने की वजह से गांव के लोग निजी डॉक्टरों के यहां इलाज करा रहे हैं। बता दें कि इससे पहले क्षेत्र के गांव ललेई और लोचनपुर में भी बुखार फैल चुका है। मोहनपुर गांव में पिछले सप्ताह वायरल का प्रकोप शुरू हुआ था। धीरे-धीरे गांव के कई लोग बुखार की जद में आ गए। गांव के भूरे (35), राखी (3) पुत्री गुड्डू, रूपवती (19) पुत्री महेंद्र, ओमवती (21), जावित्री (17) पुत्री भवानी प्रसाद, डालचंद्र (60), गंगा देवी (40) पत्नी महीपाल, नीरज (11) पुत्री अमर सिंह, अनिल (10) पुत्र केदार, जानकी प्रसाद (45), पूनम (19) पुत्री चोखे, रामेश्वर (30), कुमार (20), राजेंद्र (28), नितिन (4) पुत्र रामसेवक, प्रेम सिंह (23), मनोज (22) समेत कई लोग वायरल की चपेट में हैं। बीमार लोगों को शरीर में दर्द के साथ कमजोरी और ठंड के साथ बुखार की शिकायत है। गांव के लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र पर दवाओं का अभाव होने की वजह से वह निजी डॉक्टरों से इलाज करा रहे हैं।