बदायूं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला चोई में आलू के खेत में पानी लगाने को लेकर हुए विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के दस लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
पीड़ित जीतू की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने खेत में पानी लगा रहा था। तभी पड़ोसी दबंग मेघ सिंह, शीला, ललिता, अमरवती, रामसेवक और तारावती ने खेत की मेड़बंदी व पानी भरने को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों, फावड़ों और धारदार हथियारों से जीतू, उसकी पत्नी नीरज तथा भाइयों पर हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को लहूलुहान छोड़कर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के रामसेवक की तहरीर के आधार पर जीतू, गुड्डू, धीरेंद्र और नीरज के खिलाफ केस दर्ज किया गया। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों की ओर से केस दर्ज कराकर जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद