सिचौली गांव में मंगलवार को निकाली गई थी यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिसौली। सिचौली गांव में भाजपा की विकसित भारत संकल्प यात्रा में छुट्टा पशुओं को छोड़ना और हंगामा करना कुछ लोगों को महंगा पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने दो नाबालिग समेत छह लोगों को पकड़ लिया और उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
मंगलवार को कस्बे के नजदीक सिचौली गांव में संकल्प यात्रा कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसमें सांसद संघमित्रा मौर्या समेत कई भाजपा नेताओं और कार्यकर्ता पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने छुट्टा पशुओं को घेरकर कार्यक्रम स्थल की ओर छोड़ दिया था, हंगामा भी किया था। जिससे वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई थी। बाद में ग्राम प्रधान और कुछ अन्य लोगों ने स्थिति संभाली थी।
सूचना पर सब इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने ओमवीर, रामबाबू, विकास यादव, रोहताश और दो नाबालिग समेत छह लोगों को पकड़ लिया था। उन्हें तुरंत कोतवाली ले जाया गया था, सभी का बुधवार को शांतिभंग में चालान कर दिया गया। इंस्पेक्टर राजेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि मौके पर जो लोग मिले थे वे पकड़े गए और उनका शांतिभंग में चालान किया गया।