उझानी के हजरतगंज गांव में नाले के अभाव में जलभराव की समस्या पर गौर करते अफसर। स्रोत- ब्लॉक प्रश
उझानी। दिल्ली हाईवे से सटे हजरतगंज गांव के संपर्क मार्ग समेत आबादी क्षेत्र में जलभराव से जूझ रहे ग्रामीणों के गुस्से के बाद अंतत: अफसर जाग गए। डीएम के निर्देश पर तहसीलदार सदर और बीडीओ ने मौके पर जाकर हालात पर गौर किया। फिलहाल पंपिंग सेट लगवाकर पानी निकलवा दिया जाएगा। चुनाव बाद नाला निर्माण होगा।
ब्लॉक क्षेत्र के हजरतगंज गांव में जहां दो साल से जलभराव की समस्या चली आ रही है वहां करीब डेढ़ सौ घर हैं। आबादी क्षेत्र में नाला न होने से गंदा पानी घरों के आसपास और संपर्क मार्ग पर बहता रहता है। सोमवार अपराह्न तहसीलदार सदर सुरेंद्र कुमार और बीडीओ शैली गोविल मौके पर पहुंचीं तो इलाके के ग्रामीणों ने उन्हें अपनी दिक्कतों से रूबरू कराया। बताया कि नाला बनवाने के लिए वह प्रधान समेत सचिव से कई बार अनुरोध कर चुके हैं, लेकिन कभी भी समस्या पर गौर नहीं किया गया।
तहसीलदार और बीडीओ ने इसे लेकर अधीनस्थों से भी जानकारी की। प्रधान की ओर से अफसरों को बताया गया कि हाईवे चौड़ीकरण के दौरान मेनरोड का नाला चपेट में आ गया था। आबादी क्षेत्र से होकर संपर्क मार्ग तक नाला निर्माण कराके उसे हाईवे के नाले से जोड़ दिया जाए तो समस्या का समाधान हो जाएगा।
बीडीओ गोविल ने बताया कि नाला निर्माण चुनाव बाद होगा। तब तक के लिए पंपिंग सेट के जरिये जलभराव की समस्या से निजात दिलाने को निर्देशित किया गया है। नाला निर्माण पर धनराशि का इंतजाम ग्राम निधि, जिला पंचायत और मनरेगा के जरिए किया जाएगा। बता दें कि दो दिन पहले ग्रामीणों ने सड़क पर आकर गुस्से का इजहार किया था।