बदायूं। जनपद में तमाम जगहों पर स्टांप अधिक मूल्य में बेचे जाने की शिकायत जिला प्रशासन के पास आ रही थी। इसको लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों ने जांच कराई। पाया कि सहसवान में स्टांप विक्रेताओं की ओर से महंगे दामों पर स्टांप की बिक्री की जा रही थी। इस पर एडीएम एफआर ने सहसवान के तीन स्टांप विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की है।
जिले की पांचों तहसीलों में स्टांप विक्रेताओं द्वारा मनमानी की जा रही है। ऐसी कई शिकायतें अधिकारियों के पास सहसवान से भी आ रही थी। इस पर जिला स्टांप अधिकारी/ एडीएम एफआर नरेंद्र बहादुर सिंह ने प्रभारी उपनिबंधक सहसवान से इस मामले की जांच कराई तो पाया कि सहसवान के स्टांप विक्रेता नवीन कुमार, मोहम्मद सुल्तान और रूपेश कुमार जौहरी की ओर से स्टांप प्रिंट मूल्य से अधिक पर बेचा जा रहा था। इसको लेकर एडीएम एफआर ने तीनों स्टांप विक्रेताओं के लाइसेंस के निलंबन की कार्रवाई की, साथ ही एसडीएम सहसवान को जांच अधिकारी नामित किया है। उन्होंने कहा है कि जिन विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं वह निलंबन अवधि में स्टांप की खरीद या बिक्री नहीं कर सकते हैं। स्टांप विक्रेता अपना पक्ष एसडीएम सहसवान के सामने रख सकते हैं।