बदायूं। धनतेरस पर खरीदारी के दौरान भीड़भाड़ को देखते हुए शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मुख्य बाजार समेत शहर के 38 स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। दोपहिया और चार पहिया वाहनों का प्रवेश अपराह्न दो बजे से रात 11 बजे तक पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। एसपी ने बाजार का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया।
दिवाली पर जाम न लगे, बाजार में व्यवस्था बनी रहे। इसके लिए गोपी चौक से लेकर टिकटगंज, गांधी ग्राउंड शिव मंदिर से लेकर घंटाघर तक 38 पुलिस प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इन इलाकों में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू कर दी गई है।
आज यहां नहीं जा सकेंगे वाहन
कोतवाली क्षेत्र में सबसे ज्यादा बड़ा बाजार, घंटाघर, छह सड़का, टिकटगंज और नेहरू चौक के आसपास भीड़ रहती है। अक्सर इन्हीं इलाकों में भीड़ बढ़ने से व्यवस्थाएं बिगड़ जाती हैं। इस एरिया में बड़े वाहन, कार और ऑटो आदि का जाना प्रतिबंधित रहेगा। ई-रिक्शा भी घुसने नहीं दिए जाएंगे।
तीन हजार सीसी कैमरों से रखी जाएगी निगरानी
दिवाली के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी है। शहर में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। शहर में सीसी कैमरे चेक कराए जा रहे हैं, ताकि करीब तीन हजार कैमरों से निगरानी रखी जा सके। पुलिस कर्मियों को सीसी कैमराें पर नजर बनाए रखने को कहा गया है।
बाजार में आने वाले ग्राहकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर में पुलिस बल की तैनाती की गई है। कहीं कोई अप्रिय घटना न हो व बाजार में जाम न लगे, इसके लिए वाहनों की नो-एंट्री व्यवस्था शनिवार दोपहर से प्रभावी कर दी जाएगी। बैरियर लगाए गए हैं, ताकि कोई वाहन प्रवेश न कर सकें। अभी हल्के वाहनों को ही बाजार में एंट्री दी जा रही है। - डॉ. बृजेश कुमार सिंह, एसएसपी
गांधी ग्राउंड के पास लगे बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मी। संवाद
गांधी ग्राउंड के पास लगे बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मी। संवाद
गांधी ग्राउंड के पास लगे बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मी। संवाद