बदायूं। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर हुए हादसे में बिसौली के दो सराफा व्यापारियों की मौत के बाद भी लोग जागरूक नहीं हो रहे है। कम समय में ज्यादा दूरी तय करने के चक्कर में यहां वाहनों का आवागमन बेरोक-टोक जारी है। निर्माण एजेंसी ने भी आवागमन बंद कराने के नाम पर सिर्फ कुछ स्थलों पर कट बंद करवाकर सिर्फ औपचारिकता निभाई गई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर बिनावर, बनकोटा और बहजोई के पास कट हैं। इन कट को बंद करने का औपचारिक प्रयास निर्माण एजेंसी ने किया है। इसके अलावा कई स्थानों पर कट खुले हैं। उससे लोग अपनी सुविधा के अनुसार आवागमन कर रहे हैं। यही कारण है कि हादसों की संभावना लगातार बढ़ रही है।
बिसौली थाना क्षेत्र में रम्पुरिया और नागपुर के बीच गुजरने वाला गंगा एक्सप्रेस-वे मार्ग पर मंगलवार को दो व चार पहिया वाहन सवार फर्राटा भरते रहे। इनको रोकने के लिए यहां न तो पुलिस दिखी न निर्माण एजेंसी से जुड़े लोग। आस-पास के ग्रामीणों का कहना है कि कई जगह सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं और चेतावनी संकेत भी पर्याप्त नहीं हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे मार्ग पर वाहनों की तेज गति, कटों के पास सुरक्षा बैरिकेट्स का न होना, हादसों को आमंत्रित कर रहा है। यदि निर्माणाधीन मार्ग पर उचित दिशा-निर्देश, चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग का इंतजाम हो जाए तो आवागमन बंद हो सकता है।
- गंगा एक्सप्रेस-वे अभी निर्माणाधीन है। ऐसे में इस पर लोग सफर न करें। जल्द ही इंटरचेंज पर बैरियर लगवाएं जाएंगे। - अवनीश राय, डीएम