दहगवां मार्केट में मौके मौजूद पुलिस व लोगों की भीड़। संवाद
बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां में बृहस्पतिवार रात एक इको वैन तेज रफ्तार से दौड़ाई, जिसमें कई लोग बाल-बाल बच गए और एक बछड़ा घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे इको वैन सवार दो लोग उसे दौड़ाते हुए चौराहे से दहगवां कस्बे की बाजार में ला रहे थे। उसे देखकर लोग डर गए और इधर-उधर भागकर जान बचाई।
कार ने सबसे पहले एक बछड़े को टक्कर मारी, जिससे वह काफी दूर उछलकर जा गिरा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह बाजार में वैन को दौड़ाते रहे और आगे जाकर एक मकान के चबूतरे से टकरा गई। फिर वह वैन को आगे ले जाने में कामयाब रहे लेकिन बाद में लोगों ने वैन रोक ली। उसमें सवार दो लोग उतरकर तमंचा लाने की धमकी देते हुए भाग गए। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने वैन को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वैन सवार दोनों लोग दहगवां कस्बे में रिश्तेदारी में आए थे। पुलिस उन्हें तलाश कर रही है। संवाद