बदायूं। जिले में सोमवार को वैक्सीन की कमी के बीच 88 केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। दोपहर तक वैक्सीन की किल्लत बनी रही, लेकिन दोपहर बाद वैक्सीन की सप्लाई मिली तो टीकाकरण तेज हुआ। कुल 4997 लोगों को टीका लगाया गया। मंगलवार को 125 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा।
जिले में कई दिन से वैक्सीन की कमी बनी हुई है। प्रतिदिन यहां 10 हजार लोगों को टीका लगाया जाने का लक्ष्य है, लेकिन इस अनुपात में वैक्सीन नहीं मिल पा रही। शनिवार को ही वैक्सीन की किल्लत पैैदा हो गई थी। रविवार को टीकाकरण नहीं होना था। अधिकारियों को उम्मीद थी कि रविवार को वैक्सीन मिल जाएगी और सोमवार को क्षमता के साथ टीकाकरण किया जाएगा, लेकिन वैक्सीन नहीं मिली। इधर, सोमवार को 88 केंद्रों पर टीकाकरण शुरू कर दिया गया। दोपहर तक वैक्सीन की कमी के कारण टीकाकरण प्रभावित रहा। टीकाकरण केंद्रों पर पहुंचे लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा। कई स्थानों पर लोगों ने विरोध भी जताया। इस दौरान 4997 लोगों को टीका लगाया गया।सहसवान में दोपहर दो बजे तक लोग इंतजार करते रहे। दो बजे वैक्सीन आई तो टीका लगवाया जा सका।
वैक्सीन की सप्लाई मिलने के बाद अब कोल्डचेन में 10 हजार से ज्यादा डोज हो गई हैं। ऐसे में मंगलवार को टीकाकरण केंद्र बढ़ाकर 125 कर दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मंगलवार को कुछ और सप्लाई मिलने की उम्मीद है।
सोमवार को वैक्सीन की कुछ कमी थी। 88 केंद्रों पर 4997 लोगों को टीका लगाया गया। किसी केंद्र से कोई शिकायत नहीं आई है। मंगलवार को 125 केंद्रों पर टीकाकरण किया जाएगा। कोल्डचेन में वैक्सीन की अब 10 हजार से ज्यादा डोज हैं।- डॉ. मोहम्मद असलम एसीएमओ/नोडल अधिकारी टीकाकरण
बिना टीका लगवाए ही लौट गए कई लोग
बिल्सी। वैक्सीन का अभाव होने के कारण लोगों को सीएचसी पर टीका लगवाने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। मोहल्ला नंबर पांच के आदित्य गुप्ता का कहना है कि लोगों में टीकाकरण के प्रति जागरूकता आ रही है। टीकाकरण केंद्रों पर ज्यादा लोग पहुुंच रहे हैं, लेकिन उनको इंतजार करना हो रहा है। मोहल्ला नंबर दो की संगीता शाक्य का कहना है कि दो दिन से वह टीकाकरण के लिए केंद्र पर जा रही हैं, लेकिन टीका नहीं लग पा रहा। मोहल्ला नंबर चार के कृष्ण कुमार अपनी पत्नी के साथ टीका लगवाने पहुंचे तो उनको भी काफी इंतजार करना पड़ा। बाद में बिना टीका लगवाए ही लौट गए। सीएचसी प्रभारी डॉ. गौरव वर्मा का कहना है कि सोमवार को जिला मुख्यालय से वैक्सीन नहीं मिल सकी थी। इस कारण लोगों को समस्या आई।