बदायूं। लावेला चौक पर सोमवार देर रात होटल में रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। होटल में रखे बर्तन और पत्थर फेंके गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। कई ग्राहक खाना छोड़कर भाग निकले। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, लावेला चौक पर स्थित एक होटल में रुपये के भुगतान को लेकर ग्राहक और होटल संचालक के बीच विवाद हो गया। पहले दोनों ओर से कहासुनी हुई, बाद में मामला इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ पहुंची। आरोप है कि विवाद के दौरान एक-दूसरे पर बर्तन और पत्थर भी फेंके गए।
होटल में मौजूद अन्य ग्राहक घटना से घबरा गए और अपना खाना छोड़कर बाहर निकल गए। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने करनैल सिंह पुत्र जय सिंह निवासी मोहल्ला गेहूं, हल्दौर, जनपद बिजनौर, दीपक सिंह पुत्र हरीदत्त सिंह, निवासी सहरुद्दीन नगर, नहटौर और प्रभजोत सिंह पुत्र चतर सिंह, निवासी मोहल्ला गेहूं, हल्दौर, जनपद बिजनौर के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
सीओ सिटी राहुल पांडेय ने बताया कि वीडियो के आधार पर तीन आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।