फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: नशा देकर लूट लेते थे ई-रिक्शा, मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार, एक लुटेरे को लगी गोली

Sun, 16 Jun 2024 04:12 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
विज्ञापन
उघैती थाने में पुलिस हिरासत में ई-रिक्शा लुटेरे।स्रोत-पुलिस
विज्ञापन
बदायूं/उघैती। पुलिस और एसओजी टीम की शुक्रवार रात ई-रिक्शा लुटेरों से मुठभेड़ हो गई। यह लुटेरे नशा देकर ई-रिक्शा लूट लेते थे और चालक को सड़क किनारे फेंक देते थे। मुठभेड़ में तीन लुटेरे पकड़े गए हैं। उनमें एक लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, सिपाही को भी गोली लगी है। पुलिस ने उनके पास से छह ई-रिक्शा, चाकू, तमंचा बरामद किए हैं।
विज्ञापन

एसओ उघैती राजेश कौशिक ने बताया कि पिछले दिनों सिविल लाइंस, उझानी समेत कई जगह नशा देकर ई-रिक्शा लूटने की घटनाएं हुईं थी। इससे पुलिस लगातार लुटेरों को तलाश कर रही थी। शुक्रवार रात उघैती चौराहे से वाहन चेकिंग के दौरान दो लोग पकड़े गए। उन्होंने पूछताछ में अपने नाम सहसवान के शहबाजपुर गौटिया निवासी अरशद पुत्र अकील अहमद और सहसवान के गांव धोवई निवासी सोपाली यादव पुत्र नेमपाल बताए।
उन्होंने बताया कि वह बीयर या कोल्डड्रिंक में नशे की गोली देकर ई-रिक्शा लूट लेते हैं। उनका सरगना उघैती थाना क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली निवासी सुल्तान है। वह ई-रिक्शा लेकर उनसे मिलने आने वाला है। इसके बाद पुलिस ने स्वरूपपुर गांव के बाहर जाकर घेराबंदी कर दी। रात करीब 12 बजे एक व्यक्ति ई-रिक्शा लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह ई-रिक्शा मोड़कर भागने लगा। उसका ई-रिक्शा संतुलित नहीं हो पाया, जिससे वह खेत में घुस गया।
विज्ञापन

इसके बाद सुल्तान ने पुलिस के ऊपर फायरिंग शुरू कर दी, इससे सिपाही सुशील घायल हो गया। पुलिस ने जब जवाबी फायरिंग की तो गोली सुल्तान के पैर में जा लगी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से एक तमंचा, चार खोखा और तीन कारतूस बरामद हुए। उसका ई-रिक्शा कब्जे में ले लिया गया। बाद में उसकी निशानदेही पर पुलिन ने छह ई-रिक्शा बरामद किए। घायल लुटेरे का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। दोपहर बाद पुलिस ने तीनों लुटेरों को जेल भेज दिया।

भीड़भाड़ वाले इलाके से बुक करते थे ई-रिक्शा, दोस्ती बढ़ाकर पेय पदार्थ में देते थे नशे की गोली
- पकड़े गए लुटेरों ने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले इलाके से ई-रिक्शा बुक करते थे। फिर वह चालक को दूर ले जाकर उससे दोस्ती बढ़ाते थे। उसे खाने पीने की चीज में एटिवैन 1 एमजी नामक दवा मिलाकर दे देते थे, जिससे चालक बेहोश हो जाता था। अब तक वह एक ई-रिक्शा थाना सिविल लाइंस, दो ई-रिक्शा उझानी, एक ई-रिक्शा उघैती, एक ई-रिक्शा गुन्नौर और एक ई-रिक्शा अलीगढ़ के थाना दादों से बुक करके लूट चुके थे।

ये है आपराधिक इतिहास
- पकड़े गए लुटेरों का आपराधिक इतिहास है। इनमें ग्राम धोवई निवासी सोपाली यादव के खिलाफ सहसवान, उघैती, गुन्नौर, उझानी और मुजरिया में छह मुकदमे दर्ज हैं। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव भवानीपुर खल्ली निवासी सुल्तान पर सहसवान, उघैती, गुन्नौर, उझानी और मुजरिया थाने में 11 मुकदमे दर्ज हैं। इधर सहसवान के शहबाजपुर गौटिया निवासी अरशद के खिलाफ सहसवान, उघैती, गुन्नौर, उझानी और मुजरिया थाने में 10 मुकदमे दर्ज हैं।

बुकिंग कर ई-रिक्शा उड़ाया, रिपोर्ट दर्ज
उझानी। चालक को नशीला पदार्थ खिलाकर अज्ञात बदमाश उसका ई-रिक्शा उड़ा ले गए। घटना 10 जून की है। बुर्रा फरीदपुर निवासी संजीव पुत्र तेजपाल ई-रिक्शा चलाते हैं। उस दिन अढौली रेल फाटक से एक युवक ने उसका ई-रिक्शा दहेमू गांव जाने को बुक किया। रास्ते में उसे नशीला पदार्थ खिला दिया गया। संजीव दहेमू के पास ही बेहोश मिला था। उसके पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद

उघैती थाने में पुलिस हिरासत में ई-रिक्शा लुटेरे।स्रोत-पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें