व्यापारियों ने दुकानें बंद कर किया प्रदर्शन
बीडीओ को ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
क्षेत्र को तहसील का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर ब्लॉक पर हल्ला बोला। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीडीओ को सौंपते हुए जल्द से जल्द मांग पूरी करने की बात कहीं। चेताया कि अगर इसपर शीघ्र विचार नहीं किया गया तो आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
प्रदर्शन में व्यापारियों ने भी साथ दिया। प्रदर्शन के दौरान उसावां तहसील संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र की जनता 30 वर्षों से तहसील का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर संघर्ष करती आ रही है। बावजूद इसके न तो सरकार ही ध्यान दे रही है, न ही जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान है। कहा कि चुनावी समय पर सब वादा करते हैं। लेकिन जीतने के बाद भूल जाते हैं। इतना ही नहीं क्षेत्र में आना भी जरूरी नहीं समझते हैं। शिवलाल कश्यप, रघुपाल सिंह ने कहा कि तहसील का दर्जा देने संबंधी सभी दस्तावेज राजस्व परिषद, लखनऊ में विचाराधीन हैं। इसमें उसावां ब्लॉक के 118 राजस्व गांव व शाहजहांपुर की तहसील जलालाबाद के मिर्जापुर और कलान ब्लॉक के 82 राजस्व गांव शामिल हैं। सौरभ तोमर ने कहा कि जब तक उसावां को तहसील का दर्जा नहीं मिलता, तबतक संघर्ष जारी रहेगा। इस मौके पर प्रदीप यादव, रामबाबू यादव, सौरभ तोमर, सुनील कश्यप, मोनू वर्मा, सत्यदेव यादव, ओमपाल सिंह, मदनेश गुप्ता, मुरारीलाल गुप्ता, देवेंद्र सिंह, आदि मौजूद रहे। साथ ही ग्राम नवीगंज, रातेनगला, राजनगला, पचदियोरा, वला नगला, नगरिया भूरी, अकबरपुर, दलेलगंज, पंचम नगला, उदैया नगला आदि समेत कई गांव के लोग मौजूद रहे।