उझानी में युवक की मौत के बाद अस्पताल के बाहर जुटे लोग। संवाद
उझानी। फेफड़ों में संक्रमण की शिकायत पर कस्बे के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराए गए युवक की मृत्यु हो गई। मृतक के परिजनों ने हंगामा कर दिया। दो घंटे तक पसोपेश के बीच पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई तो परिजनों ने शव का पोस्टमॉर्टम कराने से इन्कार कर दिया।
मृतक मेवाराम (48) पुत्र जागनलाल वजीरगंज क्षेत्र के गांव जाहरपुर के निवासी थे। परिजनों में बेटे पुष्पेंद्र ने बताया कि उन्हें फेफड़ों में संक्रमण था। मेवाराम को इलाज के लिए यहां बिल्सी रोड बाजार में एक प्राइवेट अस्पताल में रविवार सुबह भर्ती कराया गया। सोमवार दोपहर में उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई तो परिजनों ने अस्पताल संचालक डॉक्टर से बात की। इसके बाद उन्हें इंजेक्शन भी लगाए गए, लेकिन अपराह्न करीब तीन बजे मेवाराम जिंदगी की जंग हार गए।
मेवाराम की मौत के बाद बदहवास परिजनों गुस्से में दिखे। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। अस्पताल के कर्मचारियों से नोकझोंक भी हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे। दरोगा जगवेंद्र बालियान ने मृतक के परिजनों से जानकारी की। डॉक्टर का भी पक्ष जाना गया।
दरोगा बालियान ने बताया कि शव का पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई, लेकिन मृतक के बेटे ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना दिया। इसके बाद परिवार के लोग शव लेकर अपने घर चले गए। इसे लेकर अस्पताल कके सामने काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। डॉक्टर ने इलाज में लापरवाही होने से इन्कार किया है।