बदायूं। जिले में जिन लोगों के आधार कार्ड बने 10 वर्ष या उससे अधिक का समय हो चुका है। उन्हें अब अपना आधार अपडेट कराना जरूरी हो गया है। संबंधित विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते आधार में आवश्यक संशोधन और सत्यापन करा लें, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना बाधा मिलता रहे।
आधार कार्ड के लंबे समय तक अपडेट न होने की स्थिति में पहचान और पते से जुड़ी जानकारी पुरानी हो सकती है। ऐसे में लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। आधार अपडेट के तहत लोग अपने बायोमेट्रिक (फिंगरप्रिंट, आईरिस), मोबाइल नंबर, पता और फोटो आदि को संशोधित करा सकते हैं।
खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों के लिए समय-समय पर बायोमेट्रिक अपडेट कराना जरूरी माना गया है। जिले में आधार सेवा केंद्रों और नामांकन केंद्रों पर यह सुविधा उपलब्ध है। वहां पर लोग अपना आधार अपडेट करा सकते हैं। कई स्थानों पर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट की सुविधा भी दी जा रही है। इससे भीड़ और समय की बचत हो सके। प्रशासन का कहना है कि आधार अपडेट कराने से न केवल पहचान से जुड़ी समस्याएं दूर होंगी, बल्कि सरकारी योजनाओं जैसे पेंशन, राशन, छात्रवृत्ति और अन्य लाभ सीधे और सुचारु रूप से मिलते रहेंगे।
यहां करा सकते हैं अपडेट
शहर में मुख्य डाकघर के अलावा उप डाकघरों पर, कलक्ट्रेट, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक, एसबीआई, यूनियन बैंक समेत अन्य बैंकों में आधार कार्ड से संबंधित काम होता है। इसके अलावा गुलड़िया, सखानू, रमजानपुर, खेड़ा बुजुर्ग, कूड़ा शाहपुर,बराचिर्रा, जगत, रूपपुर, मोगर आदि जगहों पर आधार कार्ड का काम होता है। लोग यहां पहुंचकर अपना आधार कार्ड अपडेट करवा सकते हैं।