यूपी बोर्ड द्वारा संचालित हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में मंगलवार को करीब साढ़े पांच हजार परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे, जबकि इंटरमीडिएट समाजशास्त्र में लगभग साढ़े बारह सौ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि रुदायन में एक परीक्षार्थी सचल दल ने नकल करते पकड़ा।
मंगलवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी और इंटरमीडिएट समाजशास्त्र विषय की परीक्षा थी। जिले के 106 केंद्रों पर हाईस्कूल में 37520 परीक्षार्थी पंजीकृत थे इनमें 30050 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए,जबकि 5468 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। रुदायन स्थित भगवान दास इंटर कालेज केंद्र पर सचल दल ने हाईस्कूल के एक परीक्षार्थी को नकल करते पकड़ा। इधर, इंटरमीडिएट समाज शास्त्र विषय में 1243 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। डीआईओएस वीना यादव के अलावा अन्य सचल दलों ने कई केंद्रों पर छापा मारा। बाकी केंद्रों पर कोई नकलची हाथ नहीं आया। वहीं जिले के कई केंद्रों पर परीक्षार्थियों ने जमीन पर बैठककर परीक्षा दी। अब तक जिले में छह परीक्षार्थी नकल करते पकड़े जा चुके हैं।