फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईस्कूल और इंटर की बोर्ड परीक्षाअाें के लिए तैयारी पूरी

Mon, 05 Feb 2018 06:36 PM IST
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बदायूं
विज्ञापन
विज्ञापन
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं मंगलवार छह फरवरी से शुरू होंगी। परीक्षा केंद्रों पर डेस्क, बेंच का इंतजाम करने के साथ ही सिटिंग प्लान के हिसाब से स्लिप चिपकाने का काम सोमवार पूरे दिन चला। डीआईओएस कार्यालय में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी के लिए परिचय पत्र बनाने का काम भी सोमवार को देर शाम तक होता रहा। मंगलवार को 77 परीक्षा केंद्रों पर 257 विद्यालयों के हाई स्कूल और इंटर के 61098 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
विज्ञापन

प्रथम पाली सुबह 7.30 से 10.45 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर दो से शाम 5.15 बजे तक निर्धारित की गई है। सोमवार को अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर ब्लैक बोर्ड पर मिट्टी या गोबर पोतने का काम चलता रहा। कई जगहों पर प्रवेश पत्र लेने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ी थी। कमरों में सिटिंग प्लान तैयार करने और डेस्क स्लिप लगाने का काम भी चलता रहा। कापी का मिलान किया गया। जिन विद्यालयों के शिक्षकों की ड्यूटी दूसरे परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षक के रूप में लगाई गई है, उन्हें कार्यमुक्त किया गया। 
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में कक्ष निरीक्षकों का परिचय पत्र जारी करने का काम भी शाम तक चला। डीआईओएस मुन्ने अली ने बताया कि बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। कक्ष निरीक्षकों के परिचय पत्र बनवाने का काम आज पूरा हो गया है। नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए प्रशासन तैयार है। 
विज्ञापन


दो जोन, 12 सेक्टर में बंटा जिला
यूपी बोर्ड परीक्षा के लिहाज से जिले को दो जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। दो जोनल अफसर तैनात किए गए हैं। 12 सेक्टर जबकि 58 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए हैं। संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर एटीएस की निगरानी में परीक्षा होगी। 

पार्वती कॉलेज में कम पहुंचे प्रश्न पत्र 
पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य ने बताया कि उनके यहां उझानी के एसआर आदर्श इंटर कॉलेज अब्दुलागंज का सेंटर पड़ा है। यहां पहले 527 बच्चे थे। उसी के हिसाब से पेपर आए थे। अब नौ बच्चे और बढ़ा दिए गए। बच्चों की बढ़ी संख्या के हिसाब से पेपर कम पहुंचे हैं। इसके लिए कॉलेज प्रबंधन और संकलन केंद्र के बारे में जानकारी दे दी है। 

डीआईओएस कार्यालय में बना कंट्रोल रूम 
बोर्ड परीक्षा से जुड़ी जानकारी हासिल करने को डीआईओएस कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जो सुबह छह से शाम छह बजे तक खुला रहेगा। कंट्रोल रूम का नंबर 05832-220156 होगा।

हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस फोर्स तैैनात 
एसपी सिटी कमल किशोर ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा, चार पुरुष सिपाही, एक महिला सिपाही और दो होमगार्ड मौजूद रहेंगे। साथ ही जरूरत के हिसाब से और फोर्स मुहैया कराई जाएगी।

12 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशल 
जिले के 12 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील हैं। इनमें शहर का अहिल्यावाई बीएस इंटर कॉलेज भी शामिल हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा के लिहाज से पुलिस के अलावा एसटीएफ के जवान भी मौजूद रहेंगे।

यह भी जानिए
-जिले में बने है 77 परीक्षा केंद्र, दो जोन में बांटा गया है जिला 
-संस्थागत हाईस्कूल में 22406 छात्र, 12868 छात्राएं 
-संस्थागत इंटरमीडिएट में 14803 छात्र, 9857 छात्राएं 
-प्राइवेट हाईस्कूल में 184 छात्र, 164 छात्राएं 
-प्राइवेट इंटरमीडिएट में 535 छात्र, 281 छात्राएं
-छह सचल दल बनाए गए हैं, हर दल में रहेंगे पांच लोग

डीआईओएस ने किया कॉलेजों का निरीक्षण
बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर डीआईओएस ने राजाराम महिला इंटर कॉलेज, अहिल्याबाई कॉलेज, जीआईसी निजामपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्ट्रांग रूम और सीसीटीवी कैमरों को चेक किया। साथ ही साफ-सफाई के निर्देश दिए। 
डीआईओएस मुन्ने अली ने सोमवार को शहर के राजाराम महिला इंटर कॉलेज में सिटिंग प्लान, सीसीटीवी कैमरे चेक किए। कैमरे का व्यू सही नहीं पाया गया। इसे अपने सामने सही कराया। इसके बाद उन्होंने अहिल्याबाई बीएस इंटर कॉलेज और निजामपुर राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। यहां पर सब कुछ सही मिला। उन्होंने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारियों को कह दिया है। वह स्टाफ को रिलीव कर चुके हैं। देर शाम तक सभी जगहों पर कक्ष निरीक्षक पहुंच जाएंगे। 

कक्ष निरीक्षक नहीं रख सकेंगे मोबाइल 
इस्लामिया इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. खिजर अहमद ने कक्ष निरीक्षकों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा वाले समय कोई भी कक्ष निरीक्षक अपने साथ में मोबाइल नहीं लाएगा। इस मौके पर मोहम्मद सुबुर खान, मोहम्मद आरिफ आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें