कुंवरगांव। बालक की मौत के बाद गुरुनानक अस्पताल की हकीकत सामने आ गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिनावर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नरेंद्र पटेल ने अपनी जांच में अस्पताल को पूरी तरह अवैध, बिना लाइसेंस और अप्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा संचालित पाया। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम हरनाथपुर निवासी निरंजन के 13 वर्षीय पुत्र विक्रम की 12 सितंबर 2025 को अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में आवेदक राजहंस वंशल की शिकायत पर मानवाधिकार आयोग ने जांच के आदेश जारी किए थे। चिकित्सा अधीक्षक ने विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर थाना कुंवरगांव को भेज दी, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग के भीतर भी सवाल उठने लगे कि अवैध अस्पताल बिना रोकटोक कैसे चल रहा था।
थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि प्राप्त रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर संबंधित संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब अस्पताल के संचालन और बालक की मौत के कारणों की भी जांच कर रही है।