बदायूं। राजकीय महाविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया 18 जून से शुरू होगी। महाविद्यालय प्रशासन ने प्रवेश कार्यक्रम जारी कर दिया है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई है। इच्छुक छात्र-छात्राएं समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
प्राचार्य लेफ्टिनेंट डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने बताया कि पहली मेरिट सूची 17 जून को जारी होगी। इसमें चयनित अभ्यर्थी 20 जून तक प्रवेश ले सकेंगे। 20 जून की शाम दूसरी मेरिट सूची जारी की जाएगी, जिसमें चयनित विद्यार्थियों को 23 जून तक प्रवेश का अवसर मिलेगा। यदि सीटें रिक्त रहती हैं तो 24 जून को तीसरी मेरिट सूची जारी होगी। 26 जून तक प्रवेश लिए जाएंगे।
वहीं, 27 जून को पहली और दूसरी सूची में चयनित, लेकिन प्रवेश से वंचित अभ्यर्थियों को मौका दिया जाएगा। इसके बाद भी सीटें खाली रहने पर 28 जून को अंतिम चौथी मेरिट सूची जारी की जाएगी। प्राचार्य ने स्पष्ट किया है कि केवल ऑनलाइन आवेदन करना पर्याप्त नहीं होगा। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन करने के बाद उसकी हार्ड कॉपी महाविद्यालय में जमा नहीं की है, उन्हें 15 जून तक यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी। हार्ड कॉपी जमा करने वाले अभ्यर्थियों को ही मेरिट सूची में शामिल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क है और दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय पर सभी आवश्यक प्रमाणपत्रों के साथ महाविद्यालय कार्यालय पहुंचना होगा।