बदायूं। नगर विकास व ऊर्जा मंत्री एके शर्मा व महिला कल्याण, बाल विकास व पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कलक्ट्रेट में बैठक की। इसमें बिजली और नगर निकाय के अधिकारियों की ज्यादा शिकायतें मिलने पर कड़ी फटकार लगाई। कहा कि अपनी कार्यशैली में अधिकारी सुधार कर लें। वहीं बैठक में शहर में सात साल पहले पड़ी अंडरग्राउंड केबल का भी मुद्दा उठाया गया। कहा कि यह प्रोजेक्ट पूरी तरह फेल है, शहर में जगह-जगह करंट आ जाता है।
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ जनता को मिले। कहा कि जनता की शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जाए। वहीं ऊर्जा व नगर विकास विभाग के अधिकारियों की अधिक शिकायत मिलने पर फटकार लगाते हुए उन्हें कार्यशैली में सुधार के लिए निर्देशित किया। बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल ने मंत्री को बताया कि सात साल पहले अंडरग्राउंड केबल डाली गई थी। इसमें मानक अनुसार कार्य न होने पर जन व पशु हानि आए दिन होती रहती हैं।
इससे पहले नगर विकास मंत्री ने 24 करोड़ बीस लाख रुपये की लागत की 30 परियोजनाओं का बटन दबाकर शिलान्यास व लोकार्पण किया। दोनों मंत्रियों ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की व बच्चों को अन्नप्राश कराया। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों की चाबी, प्रधानमंत्री स्वनीधि के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, कोविड से माता या पिता को खोने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत लैपटॉप का वितरण किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा, जिले को नहीं मिल रही पूरी बिजली
बैठक के दौरान आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता सहित आदि अन्य जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग की व्यवस्थाएं ठीक नहीं होने की बात कही, कहा कि किसानों को पूरी मात्रा में बिजली नहीं मिल पा रही है। जिससे उन्हें सिंचाई में दिक्कत पैदा हो रही है। उन्होंने मांग की है कि सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों का किया निरीक्षण
बदायूं। आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचीं महिला कल्याण, बाल विकास व पुष्टाहार विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि सरकार की मंशा है कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सुधार लाया जाए। जनप्रतिनिधि आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद ले समय-समय पर उनका निरीक्षण करते रहें। कुपोषण को समाप्त किया जाए।
इस बार डेढ़ गुना दी जा रही बिजली सप्लाई
नगर विकास मंत्री ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि इस बार गर्मी ज्यादा लंबी पड़ने और बरसात लंबित होने से बिजली का लोड बढ़ गया है, क्योंकि यहां पर खेती नलकूप पर आधारित है। ऐसे में यहां पर बिजली की ज्यादा खपत हो रही है। इसको लेकर पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों को निर्देशित किया है।