दातागंज। बरेली रोड पर गांव ब्रह्मपुर के पास शुक्रवार दोपहर 11 बजे एक इको कार व ऑटो में आमने सामने से भिड़ंत हो गई। इससे दोनों खंती में पलट गए। हादसे में ऑटो सवार फूफा-भतीजी की मौत हो गई, जबकि पत्नी, बेटा, साली समेत चार लोग घायल हो गए। फूफा-भतीजी की मौत से परिजनों में चीख पुकार मची है। घायलों को जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गांव चुटमुरी निवासी जनार्दन सिंह (36) पुत्र राजपाल सिंह शुक्रवार दोपहर पत्नी प्रीति के साथ साली सुमानी व उसके बच्चों को छोड़ने दिल्ली जा रहे थे। बरेली जाने के लिए किराए पर ऑटो बुक किया था। बरेली जाकर दिल्ली के लिए ट्रेन पकड़नी थी। जैसे ही ऑटो बरेली रोड पर गांव ब्रह्मपुर के पास पहुंचा तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार इको कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। जबरदस्त इतनी टक्कर थी ऑटो और कार सड़क किनारे पलट गए। ऑटो के नीचे दबने से जनार्दन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनकी पत्नी प्रीति, बेटा अवेधश, साली सुमानी, भतीजी सन्नो (3) व एक साल की लाड़ो घायल हो गई।
हादसे के बाद ऑटो चालक व कार सवार लोग मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने सन्नो को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों का प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती कर लिया। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग रोते बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने बच्ची व ग्रामीण के शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। दातागंज कोतवाल गौरव विश्नोई ने बताया कि दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश की जा रहीं है।
-
हादसे में घायल साढ़ू को देखने जा थे जनार्दन
परिजनों ने बताया कि जनार्दन के साढू देशपाल दिल्ली में रहते हैं। देशपाल की पत्नी व बच्चे घूमने के लिए जनार्दन के घर आए हुए थे, लेकिन इस बीच देशपाल हादसे में घायल हो गए। इस वजह से वह उन्हें देखने व साली और उनके बच्चों को छोड़ने दिल्ली जा रहे थे।
कार में लगा था सीएनजी सिलेंडर
टक्कर लगने के बाद ऑटो व इको कार सड़क किनारे खंती में पलट गई। क्षतिग्रस्त होने से कार में लगा सीएनजी सिलेंडर बाहर निकल आया। लोगों का कहना था कि गनीमत रही कि सिलेंडर क्षतिग्रस्त नहीं हुआ, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बरेली रोड पर गांव ब्रह्मपुर के पास हादसे के बाद खंती में पलटी पड़ी इको कार। संवाद