बिल्सी। कछला-शाहबाद हाईवे पर स्थित गांव नैथुआ के पास सोमवार की सुबह करीब नौ बजे दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार मामा-भांजा गंभीर रूप से घायल हो गए।
सहसवान थाना क्षेत्र के गांव सुजातगंज पस्तोर निवासी महेंद्र पुत्र पंचम अपने भांजे प्रेम पुत्र राजपाल निवासी खन्नी का नगला आंवला बरेली क्षेत्र के गांव रामनगर गुलरिया से दावत खाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाईवे पर गांव नैथुआ के पुल के पास पहुंची, तभी आगे चल रहे सवार ने बाइक संपर्क मार्ग की ओर मोड़ ली। अचानक मोड़ लेने से महेंद्र की बाइक अनियंत्रित होकर उसकी बाइक से टकरा गई। दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।