महिला अस्पताल में लगी अल्ट्रासाउंड मशीन । संवाद
बदायूं। महिला अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकांश दिनों में रेडियोलॉजिस्ट के अवकाश पर जाने से सेंटर पर ताला लटका रहता है, लेकिन अब मशीन ही खराब हो गई। बुधवार को गर्भवती महिलाओं को बिना जांच के ही लौटना पड़ा है।
जिला महिला अस्पताल में दो दिन से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब है। यहां हर रोज करीब सौ से अधिक गर्भवती आती हैं। उनको अल्ट्रासाउंड जांच कराने की आवश्यकता होती है। ऐसे में महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। निजी केंद्रों पर पांच से छह सौ रुपये खर्च कर अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है। जिला महिला अस्पताल में रोजाना 90 से 100 गर्भवती महिलाओं के अल्ट्रासाउंड किए जाते हैं। पिछले दो दिन से व्यवस्था पूरी तरह ठप है। ऐसे में दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को दिक्कत हो रही है। सबसे अधिक परेशानी इमरजेंसी में आने वाली गर्भवती को होती है। अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने पर सिर्फ गर्भवती को ही दिक्कत नहीं हो रही, बल्कि डॉक्टरों को रिस्क लेकर काम करना पड़ रहा है। गर्भवतियों को निजी केंद्र तक लाने व ले जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को भी इंजीनियर के आने का इंतजार किया गया लेकिन वह नहीं आए। इसलिए सेवा ठप रही है।
कोट
-मशीन ऑन नहीं हो रही है। ठीक कराने के लिए इंजीनियर को बुलाया गया है। बुधवार को उम्मीद थी कि वह आ जाएंगे मशीन ठीक हो जाएगी। जल्द ही मशीन को ठीक कराया जाएगा। - डॉ. शोभा अग्रवाल, सीएमएस महिला अस्पताल