बिल्सी। तहसील क्षेत्र में उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलिंडर न मिलने का मामला सामने आया है। पुरदलपुर समेत कई गांवों की महिलाओं ने शनिवार को तहसील दिवस में जिलाधिकारी से शिकायत कर समस्या के समाधान की मांग की।
शिकायतकर्ताओं में पुरदलपुर निवासी वीरवती पत्नी लाल सिंह ने बताया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी कनेक्शन लिया था। कनेक्शन मिलने के बाद भी उन्हें आज तक गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। उन्होंने कई बार संबंधित गैस एजेंसी संचालक से संपर्क किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इसी तरह लालबती ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन तो ले लिया, लेकिन पिछले दो वर्षों से उन्हें गैस सिलिंडर नहीं मिला है। वह लगातार गैस एजेंसी के चक्कर लगा रही हैं, फिर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। अनीता, शकुंतला, प्रेमवती और जानकी सहित अन्य महिलाओं ने भी कनेक्शन होने के बावजूद सिलिंडर न मिलने की शिकायत की। महिलाओं का कहना है कि योजना का लाभ कागजों तक सीमित रह गया है, जबकि उन्हें अब भी चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर होना पड़ रहा है। महिलाओं ने सामूहिक रूप से जिलाधिकारी अवनीश राय को शिकायती पत्र सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
तहसील में किसानों का प्रदर्शन, डीएम को दिया ज्ञापन
बिल्सी। तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान भारतीय हलधर किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी अवनीश राय को ज्ञापन देकर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान किसानों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।
यूनियन के जिलाध्यक्ष राहुल सोलंकी ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती के चलते मक्का की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने लगी है, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। इसके अलावा उन्होंने बिल्सी क्षेत्र से होकर गुजरने वाली सोत नदी के पुनर्जीवन की मांग उठाते हुए कहा कि इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सकेगा।
राहुल सोलंकी ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो यूनियन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होगी। इस मौके पर टीटू जैन, अवधेश लड्डा, अजीत गुर्जर, शाहनवाज अल्वी, नरेश पाल सिंह, बिजनेस फौजी, इकरार अहमद, विवेक चौहान सहित यूनियन के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। संवाद
संपूर्ण समाधान दिवस में 44 शिकायतें, दो का निस्तारण
बिल्सी। शनिवार को जिलाधिकारी अवनीश राय ने तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का गुणवत्तापरक व समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान यहां 44 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से दो का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित व गुणवत्तापरक निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 21, पुलिस विभाग की 11, विकास विभाग की 7 तथा अन्य विभागों की 5 शिकायतें शामिल रहीं। इस मौके पर एसपी देहात हिरदेश कठेरिया, एसडीएम राजेश कुमार सिंह, सीओ केके तिवारी, सीएमओ डा.मोहन झा, तहसीलदार प्रभा सिंह, एसडीओ जेपी सिंह, अपराध निरीक्षक वीके मौर्य, नायब तहसीलदार बदन सिंह, एई लोक निर्माण विभाग रोहन सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। संवाद
तहसीलदार की अध्यक्षता में हुआ समाधान दिवस
बिसौली। तहसील में आयोजित समाधान दिवस एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार सुरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान सीओ संजीव सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। तहसील दिवस में कुल 27 शिकायतें आईं, जिसमें मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। संवाद
डीएम से शिकायत करने के लिए बिल्सी पहुंची महिलाएं। संवाद