पिछले कई दिनों से चल रहे बुखार के प्रकोप ने शुक्रवार को एक और व्यक्ति की जान ले ली। मृतक कृष्णऔतार तीन दिन से बीमार था। घरवालों उसे बदायूं के प्राइवेट अस्पताल में भी भर्ती कराया, लेकिन सेहत में सुधार नहीं हो पाया था।
मोहल्ला किलाखेड़ा निवासी 60 वर्षीय कृष्णऔतार को तीन दिन पहले तेज बुखार आया। घरवाले उसे लेकर पहले नगर में ही निजी क्लीनिक पर लेकर पहुंचे लेकिन सेहत बिगड़ जाने पर बदायूं के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया दिया गया। सुबह में अचानक ही कृष्णऔतार की हालत ज्यादा बिगड़ गई। उसने अस्पताल में ही दमतोड़ दिया। कृष्णऔतार का शव घर पर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
बता दें कि दो दिन पहले युवा व्यापारी विष्णु वार्ष्णेय की भी बुखार के चलते बरेली के अस्पताल में मौत हो गई थी। विष्णु के घरवालों की मानें तो बरेली के डॉक्टर ने डेंगू बताया था। इधर, बुखार से बीमार लोगों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। हालांकि सरकारी डॉक्टरों ने मलेरिया और टाइफाइड का प्रकोप बताया लेकिन निजी क्लीनिक संचालक सरकारी दावों के विपरीत मरीजों को डेंगू बताकर भयभीत करने से कसर नहीं छोड़ रहे हैं।