बदायूं। बरेली जोन की अंडर-19 क्रिकेट टीम में बदायूं के दो युवा क्रिकेट खिलाड़ियों का 16 सदस्यीय टीम में चयन हो गया है। यहां बता दें कि यूपीसीए की ओर से अंडर-19 इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता का बरेली के एसआरएमएस में आयोजन हुआ था। इसमें बरेली, पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर टीमों के बीच मैच खेले गए थे।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आठ से 11 जून के बीच बरेली के एसआरएमएस के मैदान पर बरेली जोन टीम के लिए क्रिकेट ट्रायल के बाद चयन का आयोजन किया गया। इसमें मंडल की जिला स्तरीय टीमों ने प्रतिभाग किया था। इन चारों टीमों के बीच में मैच का आयोजन किया गया। चाराें टीमों के बीच हुए मैच में बदायूं से दो खिलाड़ियों का चयन बरेली जोन टीम के लिए किया गया।
बदायूं क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संतोष शर्मा ने बताया कि यूपीसीए की ओर से टीम की घोषणा की गई है। इसमें बदायूं के सौरभ कुमार और मोहम्मद अर्शिक खान का चयन किया गया है। मोहम्मद अर्शिक खान ने पहले मैच में 65 और दूसरे में 19 रनों का योगदान दिया। सुमित कुमार ने 75 रन मात्र 42 गेंद में तीन छक्के 7 चौकों की मदद से बनाए। चयनकर्ता उनके खेल से प्रभावित हुए। अब 21 जून को लखनऊ के सहारा स्टेडियम में इंटर जोन मैच होगा, जिसमें यह खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। क्रीड़ा अधिकारी अमित रिछारिया ने दोनों खिलाड़ियों की प्रतिभा को सराहा है। साथ ही कहा कि यह दोनों जिले का नाम नाम रोशन करेंगे।
ककराला निवासी अर्शिक खान ने बताया कि बचपन से ही उनको मैच का काफी शौक रहा है, टीवी पर क्रिकेटरों को खेलता देख अच्छा लगता है। मुझे इनके जैसा ही बनना है।
बिसौली निवासी सुमित कुमार ने बताया कि उन्होंने क्रिकेट को अपना लक्ष्य बनाया है। मेरठ में इसकी कोचिंग ले रहे हैं। उनको बल्लेबाजी में काफी मजा आता है।