सिविल लाइंस थाने में खड़े आरोपी।स्रोत-पुलिस
बदायूं। सिविल लाइंस पुलिस ने शुक्रवार रात चोरी की योजना बनाते दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। उनमें एक से तमंचा और एक से चाकू बरामद हुआ। दोनों आरोपी गैर जिले के रहने वाले हैं। थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों को जेल भेज दिया है।
एसआई विनोद कुमार द्विवेदी शुक्रवार रात पुलिस टीम के साथ सोत नदी इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सोत नदी के नजदीक दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। वह पुलिस टीम को देखकर भागे लेकिन एसआई ने सिपाहियों की मदद से दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर एक व्यक्ति के पास तमंचा और दूसरे के पास चाकू बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को थाने ले आई, जहां पूछताछ में एक ने अपना नाम एटा जिले के थाना अवागढ़ के गांव मिर्जापुर निवासी फूल सिंह और दूसरे ने फर्रुखाबाद जिले के मीरापुर थाना क्षेत्र के गांव वरमपुरी निवासी बॉबी बताया। उन्होंने कबूल किया कि वह बदायूं आकर चोरी की योजना बना रहे थे। इससे पहले भी वह कई घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। इससे पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
-
व्यापारी से रुपये छीनने वाले दो बदमाश जेल भेजे
बिसौली। कोतवाली पुलिस ने व्यापारी से रुपये छीनने वाले दो बदमाशों को जेल भेज दिया। बृहस्पतिवार को बरेली के आंवला कस्बे के खेड़ा मोहल्ला नई निवासी वीरेंद्र गुप्ता धान बेचने बिसौली कस्बा आए थे। यहां से लौटते समय कस्बे के इस्लामनगर चौराहे पर चार उचक्कों ने उनसे 40 हजार रुपये छीन लिए थे। उनके शोर मचाने पर दो उचक्के पकड़े गए थे। उनमें मुरादाबाद जिले के थाना नागफनी क्षेत्र के मोहल्ला बारादरी निवासी गुल मोहम्मद से 10570 रुपये और मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र के पीतल नगरी निवासी सौरभ से 9580 रुपये बरामद हुए। दोनों से एक-एक तमंचा भी मिला जबकि मौके से भागे दो आरोपियों का अभी तक कुछ पता नहीं चला है। संवाद