दातागंज सीएचसी में दो महिलाओं में मारपीट के दौरान जमा भीड़। संवाद
दातागंज। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पर ओपीडी का पर्चा पहले बनवाने को लेकर दो महिलाएं आपस में भिड़ गईं। मारपीट होने से अफरातफरी का माहौल बन गया। स्वास्थ्य केंद्र के गार्ड भी आ पहुंचे, लेकिन मारपीट नहीं रुकी। करीब एक घंटा बाद अन्य महिलाओं के हस्तक्षेप से मामला शांत हो सका।
शुक्रवार की सुबह सीएचसी में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने से ओपीडी का पर्चा बनवाने वाली लाइन भी काफी लंबी हो गई। इसी लाइन में हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव धनी नगला और दातागंज क्षेत्र के गांव सिरसा निवासी दो महिलाएं भी लगी थीं। दोनों में पहले पर्चा बनवाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे के बाल पकड़कर खींचने लगीं। गार्ड और मेडिकल स्टाफ ने दोनों को अलग करने की कोशिश की, लेकिन विवाद नहीं थमा। एक घंटा चले हंगामे के बाद मौजूद अन्य महिलाओं ने दोनों को समझाकर शांत किया। चिकित्सा अधीक्षक रिदेश भसीन का कहना है कि ज्यादा भीड़ होने के कारण लाइन में खड़ी महिलाओं में लड़ाई होने से कुछ देर के लिए माहौल खराब रहा। बाद में सब सामान्य हो गया। दोनों महिलाएं भी दवा लेकर अपने-अपने घरों को चली गईं।