इंचार्ज प्रधानाध्यापक के वेतन से होगी रिकवरी
गैरहाजिर कई शिक्षकों का वेतन भी काटा
खंड शिक्षाधिकारी दहगवां ने कई स्कूलों का निरीक्षण किया। लगातार अनुपस्थिति चल रही एक शिक्षिका की सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने की संस्तुति की है। साथ ही निरीक्षण के समय गैरहाजिर मिले शिक्षकों का वेतन रोकने की संस्तुति की है। शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार नहीं मिलने पर कई शिक्षकों के वेतन रोकने की भी चेतावनी दी है।
बीईओ विजय कुमार ने प्राथमिक विद्यालय भोगाजीत नगरिया और यहीं के उच्च प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर पूर्व में तैनात रहे इंचार्ज प्रधानाध्याक हेमंत कुमार ने दोनों स्कूलों की धनराशि निकाल लीं और गत सत्र में पुताई नहीं कराई। फर्नीचर भी क्रय नहीं किया। इस पर शिक्षक के खिलाफ निकाली गई धनराशि की वेतन से रिकवरी की संस्तुति की है। प्राथमिक स्कूल के शिक्षक कपिल मसीह और वीरेश को शैक्षिक स्तर सही न पाए जाने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी है।
प्राथमिक स्कूल खनुआ नगला की शिक्षिका अल्का रानी के नियमित स्कूल नहीं आने की शिकायत ग्रामीणों ने की। इस पर उनके वेतन रोकने की संस्तुति की है। शिक्षक चरन सिंह,अखिलेश कुमार को शैक्षिक स्तर में सुधार न होने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी। ग्रामीणों की शिकायत पर नियमित स्कूल नहीं आने पर प्राथमिक स्कूल सूरजपपुर टप्पा वैश्य की शिक्षिका डौली का अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने की संस्तुति की गई है। प्राथमिक विद्यालय हसनपुर टप्पा वैश्य के प्रधानाध्यापक गौरव सिंह के गैरहाजिर मिलने पर एक दिन का वेतन काटने की संस्तुति की है। प्राथमिक विद्यालय पड़रिया के प्रधानाध्यापक बाबूराम और शिक्षिका प्रियंका का भी अनुस्थित मिलने पर एक दिन का वेतन काटा गया है। इंचार्ज प्रधानाध्यापक मलखान सिंह का वेतन रोकने की संस्तुति की है। चार दिन से गैरहाजिर शिक्षिका नेहा रानी का वेतन काटा गया है। प्राथमिक विद्यालय शेखूपुरा की शिक्षिका अल्का सिंह बिना किसी सूचना के लगातार अनुपस्थित मिलने पर उनकी सेवा समाप्ति का नोटिस जारी किए जाने की संस्तुति की गई है।
-----
बीएसए से आज मिलेंगे शिक्षक
बदायूं। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक ) शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण को गुरुवार को बीएसए से मिलेगा। यह जानकारी देते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष कृपाल सिंह और महामंत्री असरार अहमद खां ने बताया कि इससे पहले दोपहर दो बजे स्काउट भवन में पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें सभी को प्रतिभाग करना अनिवार्य है।