बदायूं। डिपो की खटारा बसों को दिल्ली रूट पर भेजा जा रहा है। यह बसें अक्सर खराब हो जा रही हैं। बृहस्पतिवार को दिल्ली रूट की दो बसें रास्ते में खराब हो गईं। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य स्थल तक पहुंचने में देरी हुई।
रोडवेज की बस यूपी 78 एफटी 9028 एक लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी है। इसको लगातार दिल्ली भेजा जा रहा है। बृहस्पतिवार को मुजरिया के पास फैन बेल्ट टूटने से वह खड़ी हो गई। बस में बैठे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। करीब आधा घंटे तक यात्री बस में ही बैठे रहे। गर्मी में वह पसीना पसीना हो गए। उसके बाद उसे ठीक करके ले जाया गया। ऐसे ही यूपी 78 एफटी 9035 नोएडा सेक्टर 62 के पास अचानक खराब हो गई। यात्री रामसेवक ने बताया कि बदायूं से चलने के बाद ही बस में दिक्कत आ गई थी। किसी तरह चालक उसको ले गए।
कोट
जाे बसें रास्ते में खराब हो रहीं हैं, उनकी जांच कराई जा रही है। वर्कशॉप से अगर कोई दिक्कत आ रही तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इन बसों को लंबे रूट से हटाकर लोकल में चलाया जाएगा। यात्रियों को दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। - राजेश पाठक, एआरएम