ताइक्वांडो कोच अजय पाल सिंह साथ राग रस्तोगी और अलिशबा। स्रोत स्वयं
- फोटो : Archive
बदायूं। बिजनौर में 20 से 23 नवंबर तक आयोजित हुई उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जिले के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर नेशनल प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का कर लिया है। इसमें बालक वर्ग में राग रस्तोगी और बालिका वर्ग में अलिशबा फातिमा का चयन किया गया है।
एसोसिएशन के जिला महासचिव अजय पाल सिंह ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने चैंपियनशिप में बेहतरीन तकनीक, दमखम और अनुशासन का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबलों में उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर यह उपलब्धि हासिल की। अब ये दोनों खिलाड़ी दिसंबर के अंत या जनवरी की शुरुआत में देहरादून में होने वाली नेशनल प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। दोनों खिलाड़ी डायट ऑडिटोरियम परिसर में कोच अजय पाल सिंह से सीख रहे हैं।
कोच ने बताया कि राग और अलिशबा लंबे समय से नियमित अभ्यास कर रहे हैं। सुबह-शाम की प्रैक्टिस, फिटनेस और तकनीक पर विशेष ध्यान दिया गया, जिसका परिणाम अब सामने आया है। नेशनल के लिए भी दोनों की विशेष तैयारी कराई जा रही है, ताकि वे वहां भी पदक जीतकर जिले का नाम रोशन कर सकें।
खिलाड़ियों के चयन पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष गिरधारी सिंह, संयुक्त सचिव डॉ. कृष्णा सिंह, कोषाध्यक्ष सौरभ रस्तोगी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी है। पदाधिकारियों ने कहा कि जिले में ताइक्वांडो खेल तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं में इस खेल के प्रति रुचि बढ़ रही है। दोनों खिलाड़ियों का चयन अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।