बिसौली/आसफपुर। संभल में कोल्ड स्टोर की छत गिरने से बदायूं के दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल हो गया। मृतकों में इस्लामनगर थाना क्षेत्र के दिलशाद और फैजगंज बेहटा के सोनपाल शामिल हैं, जबकि सोनपाल का भतीजा नरोत्तम भी मलबे में दबकर गंभीर घायल हो गया।
बृहस्पतिवार को जिले के बार्डर पर संभल जनपद के गांव बर्रई में कोल्ड स्टोर का लिंटर गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर दब गए थे। इनमें बदायूं के रहने वाले मजदूरों के भी दबे होने की आशंका जताई जा रही थी। हादसे के बाद से प्रशासन बचाव कार्य में जुटा था। मामले की सूचना पर फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव बझेड़ा निवासी 45 वर्षीय सोनपाल के परिजन भी मौके पर पहुंचे। वह सोनपाल और उनके भतीजे नरोत्तम के बारे में अफसरों से पूछते रहे लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में संभल जिला प्रशासन की ओर से मृतकों की सूची जारी की गई तो उन्हें सोनपाल की मौत और नरोत्तम के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी हुई।
वहीं इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव इत्मादपुर रंपुरा में रहने वाले दिलशाद (35) पुत्र कल्लू अपने ट्रैक्टर ट्रॉली से आलू लेकर कोल्ड स्टोर पहुंचे थे। उनके परिजन को इस बात का पता नहीं था कि दिलशाद जिस कोल्ड स्टोर में गए हैं वहीं हादसा हुआ है और वह भी दब गए हैं। परिजनों ने बताया कि उनके पास जमीन न होने की वजह से दिलशाद ने कर्ज लेकर ट्रैक्टर लिया था और वह किराये पर ट्रैक्टर चलाते थे। वह सोनियाखेड़ा गांव के विजय बहादुर के आलू भरकर लाए थे। उन्हें नहीं पता था कि वह भी इसी कोल्ड स्टोर में आलू लेकर गए थे।
मृतकों की सूची जारी हुई तो परिजनों को लगा पता
संभल प्रशासन बचाव कार्य के साथ ही जो भी मलबे से निकाला जा रहा था, उसे मुरादाबाद भेज रहा था। किसी के मरने की पुष्टि प्रशासन की ओर से नहीं की जा रही थी। ऐसे में संभल प्रशासन की ओर से मृतकों की सूची जारी की गई तो पता चला कि सोनपाल और दिलशाद की भी मौत हुई है। इस पर उनके परिजन रोते-बिलखते मुरादाबाद पहुंचे।