बिसौली। कोतवाली क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव में तीन दिन के नवजात बच्चे को दफनाने को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। कब्रिस्तान की भूमि को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
गांव पृथ्वीपुर के एक समुदाय के राजू के तीन दिन के शिशु गुलशेर की बृहस्पतिवार को मौत हो गई थी। परिजन बच्चे को गांव के कब्रिस्तान में दफनाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ दूसरे समुदाय के लोगों ने संबंधित जमीन को लेकर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि जिस स्थान पर बच्चे को दफनाने की तैयारी की जा रही है, वह अब आबादी क्षेत्र में आ चुका है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई। सूचना पर कोतवाल कमलेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में राजू के नवजात बेटे को कब्रिस्तान में दफना दिया गया। सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की। माहौल खराब करने वाली सूचना को आगे न बढ़ाएं। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। संवाद