भाजपा नेताओं का दवाब बढ़ा तो सप्लाई इंसपेक्टर ने दी तहरीर
पुलिस के चंगुल से छूटे धंधेबाज युवक को मिली राहत
तीन दिन पहले ट्रेक्टर-ट्रॉली में राशन के चावल के 120 कट्टे पकड़े जाने के मामले में जिला पूर्ति विभाग को अंतत: कार्रवाई करनी पड़ गई। भाजपा नेताओं की शिकायत के बाद सोमवार शाम को पूर्ति निरीक्षक तरमीम अहमद ने कोतवाली में तहरीर सौंप दी। पुलिस ने ट्रेक्टर चालक समेत दो लोगों के खिलाफ राशन के चावल की कालाबाजारी की रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
राशन के चावल से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रविवार दोपहर में संजरपुर रोड पर पकड़ा गया था। उस वक्त पुलिस के चंगुल से जो युवक छूट कर भागा, वह पुरानी अनाज का मंडी का निवासी बताया गया था लेकिन पूर्ति निरीक्षक तरमीम अहमद और पुलिस ने उसके बारे में मामले की जानकारी कर तह तक जाने की कोशिश नहीं की। सोमवार शाम को कोतवाली पहुंचे पूर्ति निरीक्षक ने आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत ट्रैक्टर चालक बिल्सी थाना क्षेत्र के गांव फतुल्लागंज निवासी मनवीर और धंधेबाज अनिल माहेश्वरी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज करा दी। अनिल कहां का हैं? इस बारे में पूर्ति निरीक्षक की तहरीर में जिक्र नहीं किया गया है। एक वीडियो क्लिप में वही युवक अनिल का नाम बता रहा था, जो कि मौके पर से भाग गया था। नामजदगी के साथ ही पुलिस ने चावल लदी ट्रॉली के साथ पकड़े गए मनवीर की गिरफ्तारी की औपचारिकता भी पूरी कर दी। पुलिस का कहना है कि कालाबाजारी के मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। बता दें कि सोमवार को पूरे दिन कुछ लोग धंधेबाजों को बचाने की कोशिश में लगे थे लेकिन भाजपा के उन नेताओं ने अफसरों को फोन कर दिया, जिनकी मौजूदगी में चावल पकड़ा गया था।
जांच हुई तो बेनकाब होंगे धंधेबाजों के चेहरे
उझानी। राशन के चावल की कालाबाजारी के मामले में अभी जांच होना बाकी है। पूर्ति निरीक्षक ने ट्रैक्टर चालक मनवीर और अनिल को भले ही नामजद करा दिया लेकिन अफसरों को इस बात का भी पता लगाना है कि चावल कहां से लाया गया था। चावल किसी कोटेदार का था या फिर गोदाम से खरीदा गया, यह भी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। वैसे ट्रैक्टर चालक ने पूछताछ के दौरान बताया था कि ट्रॉली में चावल बिल्सी से लोड किया गया लेकिन आगे कुछ नहीं बताया। इससे एक बात तो साफ है कि राशन के चावल की कालाबाजारी का खेल कई दिनों से चल रहा होगा।