रहेडिया। वन विभाग की लापरवाही से लंगूर को पकड़ा नहीं जा सका है। उसके हमले में दो लोग और घायल हो गए हैं। ग्रामीणों ने लंगूर के आतंक से परेशान होकर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग लंगूर पकड़वाने गांव तक नहीं आ रहा है। यहां बता दें कि वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिंगथरा में पिछले छह महीने से एक लंगूर छुट्टा घूम रहा है। कई दिनों से वह लोगों पर हमला करता आ रहा है। अब तक छह से ज्यादा ग्रामीणों को काटकर घायल कर चुका था। बृहस्पतिवार को उसने सुरजन पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। वहीं अजब सिंह भी घायल हुए हैं। इससे पहले गांव निवासी पिंटू हमले में घायल हो गया था। वहीं प्रियांशु का भी पैर टूट गया था। बृहस्पतिवार को गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया है। संवाद
बंदरों के हमले में छत से गिरकर महिला जख्मी
उसावां। छत पर सूख रहे कपड़े लेने गई महिला पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए भागी तो पैर फिसलने से छत से नीचे गिरकर घायल हो गई। परिजनों ने निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है।
कस्बे के वार्ड सात निवासी सरला देवी ( 63 ) बृहस्पतिवार शाम साढ़े छह बजे के करीब छत पर सूख रहे कपड़े लेने गईं थीं। अचानक बंदरों के झुंड ने महिला को दौड़ा लिया। पैर फिसलने से वह छत से नीचे गिर गई। महिला के सिर में गंभीर चोट आई है। उनको एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। कस्बे में बंदरों का आतंक है। हर समय बंदरों का झुंड छतों पर घूमता रहता है। ऐसे ही कई लोग अब तक घायल हो चुके हैं। संवाद
घायल महिला सरला देवी।