उझानी। तार जोड़ते समय दो लाइनमैन झुलस गए। दोनों को लेकर साथी इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और प्राथमिक उपचार कराया। एक लाइनमैन की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा शुक्रवार अपराह्न करीब तीन बजे हुआ। मुजरिया में हसूपुर बहेड़िया के पास दोपहर में एचटी लाइन से एक नलकूप की लाइन का झंपर जल गया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद संविदा पर तैनात लाइनमैन मुजरिया क्षेत्र के गांव वितरोई निवासी महेश कश्यप (35) पुत्र सियाराम और कोतवाली क्षेत्र में गांव फकीराबाद निवासी राजेश कुमार (25) मौके पर पहुंचे। राजेश ने बताया कि शटडाउन लेने के बाद दोनों ने झंपर ठीक करने के लिए काम शुरू कर दिया। खंभे पर ऊपर चढ़कर तार जोड़ते समय अचानक ही बिजली सप्लाई आ गई।
इसके चलते महेश को करंट लग गया। उनका एक पैर झुलस गया। वह खंभे से नीचे गिर पड़े। करंट राजेश को भी लगा, लेकिन वह झुलसने से बच गए। राजेश ने ही फोन करके बिजली आपूर्ति बंद कराई। बिजली कर्मियों ने फोन करके एंबुलेंस को मौके पर बुला लिया। दोनों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्राथमिक उपचार किया गया। महेश की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। एसडीओ प्रशांत वार्ष्णेय ने बताया कि महेश समेत दोनों लाइनमैन एलटी लाइन ठीक कर रहे थे। शटडाउन लिया गया था, लेकिन आपूर्ति कैसे शुरू हो गई, इसकी जांच कराई जा रही है।