विकास खंड समरेर की ग्राम पंचायत रमपुरा कलां के ग्रामीणों ने फर्जी वोटर का मामला उठाते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी से जांच कराकर ऐसे वोट निरस्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब दो सौ लोगों ने रमपुरा से फर्जी वोट बनवा रखे हैं, जो चुनाव को प्रभावित करते हैं।
तहसील दातागंज की ग्राम पंचायत रमपुरा कलां के दुर्वेश कश्यप, धर्मेंद्र, रामबहादुर, पन्ना लाल, धीरेंद्र, वीरपाल, देशपाल, डालचंद्र, शेरसिंह, रामखिलाड़ी, मुनीशपाल, बुधपाल, दिवारीलाल समेत करीब 24 लोगों ने जिला निर्वाचन अधिकारी शंभूनाथ को हस्ताक्षरयुक्त पत्र भेजकर फर्जी वोटर मामले की जानकारी दी है। उनका कहना है कि करीब दो सौ लोग ऐसे हैं, जो बाहर रह रहे हैं और वहीं के स्थायी निवासी भी हैं, लेकिन चुनाव के वक्त ये वोट डालने आ जाते हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि ये सब लोभ लालच में वोट डालकर चुनाव को प्रभावित करते हैं। इनका नवगठित ग्राम पंचायत रमपुरा कलां की वोटर लिस्ट से नाम काटा जाए, जिससे चुनाव के वक्त सही मतदान हो सके। उन्होंने इस आशय का पत्र एसडीएम दातागंज को भी भेजा है।