बदायूं के थाना सहसवान क्षेत्र के गांव हिंडौर में बृहस्पतिवार को मजार पर चादर चढ़ाने को लेकर एक के ही समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते झड़प में बदल गया। दोनों तरफ से पथराव किया गया। इस दौरान मजार की दीवार भी ढह गई। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति पर काबू पाया। दोनों पक्षों के 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सहसवान थाने के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, ग्राम हिंडौर में असलम पुत्र अख्तर के सहखातेदार मंजर पुत्र अख्तर, मुझक्किर पुत्र हाडे अली, अतहर पुत्र अफसर व मुताहिर पुत्र अफसर ने अपनी जमीन दूसरे पक्ष के असलम पुत्र इस्माइल को विक्रय कर दी थी। इसी जमीन पर एक पुरानी मजार बनी हुई है, जो असलम के घर से सटी हुई है और जिसका प्रवेश द्वार भी उनके घर की ओर है।