बदायूं। शहर के दो परिवार सोमवार रात कासगंज में स्थित रिश्तेदारों से मिलकर लौटे हैं। उनमें एक रिश्तेदार कोरोना संक्रमित पाया गया है। इससे स्वास्थ्य विभाग ने दोनों परिवार के 10 लोगों को उनके घर में क्वारंटीन किया है। इस परिवार के छह लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। उन्हें हिदायत दी गई है कि वह घर से बाहर न निकलें और न किसी को घर में आने दें।
शहर में भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के सामने एक परिवार की कासगंज की मोहन कॉलोनी में रिश्तेदारी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस परिवार की रिश्तेदारी में एक महिला कई दिन से बीमार थी। उस महिला ने इस परिवार से मिलने की इच्छा जताई थी। जिस पर ये परिवार सोमवार को कासगंज की मोहन कॉलोनी गया था। उन्होंने वहां चाय नाश्ता किया और सभी लोगों से मिले भी थे।
उनके लौटने के बाद पता चला कि उनका एक रिश्तेदार कोरोना संक्रमित है। इधर, इस परिवार के लौटने पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस अलर्ट हो गई। इसकी सूचना पर कोतवाली पुलिस देर रात उनके घर पहुंच गई। फिर पुलिस ने इस परिवार के अलावा मुथरिया चौराहे के नजदीक एक परिवार के लोगों को भी क्वारंटीन रहने को कहा है। वहीं मंगलवार दोपहर डॉ. कौशल गुप्ता पुलिस टीम के साथ इन लोगों से मिले और पूरी जानकारी जुटाई। उन्होंने कहा कि परिवार का कोई व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकलेगा और न ही किसी को घर में आने देगा। डॉ. कौशल गुप्ता ने सभी को क्वारंटीन में रहने को कहा है। इस परिवार के छह लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।