पिकअप वाहन एचटी लाइन की चपेट में आने से मरने वाली देवरानी-जेठानी के शवों का मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद साथ-साथ गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। दो बहुओं की मौत के बाद सास सदमे में हैं। उनकी हालत बिगड़ने पर परिवार वालों ने निजी डॉक्टर के यहां भर्ती कराया है। घटना से पूरे गांव के लोग स्तब्ध हैं।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव धर्मपुर बिहारीपुर की कलावती और उनकी देवरानी सोमवार को घर से दवा लेने को बिसौली के लिए निकली थीं। दोनों पिकअप वाहन से बिसौली आ रही थीं। रास्ते में पिकअप वाहन एचटी लाइन की चपेट में आ गया। वाहन में सवार देवरानी-जेठानी की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। ग्रामीणों ने चार घंटे तक शव नहीं उठने दिए थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम गुलाब चंद्र और सीओ राजवीर सिंह को ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा था। मंगलवार को गांव में ही कलावती और ज्ञानवती के शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद ही सास की हालत बिगड़ गई। दो बहुओं की मौत का गम वह बर्दाश्त नहीं कर सकीं। सीने में दर्द होने के बाद हालत बिगड़ने पर उनको एक निजी डॉक्टर के यहां ले जाया गया। यहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
एचटी लाइन की चपेट में आया डंपर
बिसौली। गांव धर्मपुर पर बन रहे रोड के लिए बजरी लेकर आया डंपर बिजली के तारों की चपेट में आ गया। चालक और क्लीनर ने कूदकर जान बचाई। बीते दिन यहीं पर पिकअप वाहन एचटी लाइन की चपेट में आ गया था। इसमें देवरानी-जेठानी की मौत हो गई थी। बिसौली-आंवला रोड का चौड़ीकरण हो रहा है। मंगलवार शाम एक डंपर बजरी लेकर आया। जैसे ही चालक ने बजरी पलटने के लिए जैक उठाया, डंपर तारों की चपेट में आ गया। तार टूटकर गिर पड़े। यह देखकर चालक और क्लीनर कूदकर भाग गए। खबर मिलने पर पहुंचे बिजली विभाग के कर्मचारियों ने लाइन को हटाया।
विद्यालय के ऊपर झूल रहीं बिजली लाइनें
बिसौली। बिजली विभाग हादसों से सबक लेना जरूरी नहीं समझता। इलाके में कई जगह विद्यालयों के ऊपर बिजली लाइनें झूल रही हैं, जो कभी भी हादसे का कारण बन सकती हैं। नगर के जूनियर हाईस्कूल के उपर से भी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है।
विकासखंड के गांव करखेड़ी के प्राइमरी और जूनियर हाईस्कूल के भवन के उपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। पूरा भवन ही इन तारों की जद में है। लाइनों को हटाने के लिए प्रधान कई बार बिजली विभाग को लिख चुके हैं, लेकिन विभाग ने सुध नहीं ली। हाईवे पर नगर में स्थित जूनियर हाईस्कूल के ऊपर से भी हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। जूनियर हाईस्कूल के पास ही एबीएसए कार्यालय है। अधिकारी इसे नजरअंदाज कर रहे हैं।
तहसील कॉलोनी में भी खतरा
नगर की तहसील कॉलोनी में भी खतरा मंडरा रहा है। यहां से 33 केवीए की लाइन गुजर रही है। नीचे झूल रही इस लाइन की चपेट में आने से पुताई करने वाला पिंदारा निवासी वीरेंद्र झुलस चुका है। हाईटेंशन लाइन की वजह से घरों में भी करंट आता है। बारिश के दिनों में खतरा काफी बढ़ जाता है। शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग का ध्यान इस ओर नहीं जाता।