बदायूं। जरीफनगर थानाक्षेत्र के गांव आंतर के एक ग्रामीण ने दहगवां चौकी के दो सिपाहियों पर गंभीर आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत की है। आरोप है कि दो सिपाहियों ने उसे चौकी में बंधकर बनाकर पीटा। बेटे से पांच हजार रुपये लेने के बाद उसे छोड़ा।
थानाक्षेत्र के गांव आंतर निवासी शमशुद्दीन पुत्र अल्लादीन के भाई ने करीब एक साल पहले उसके खेत में सिंचाई की पाइप लाइन बिछा दी थी। इसके बाद उसे पानी देना बंद कर दिया था। इससे मक्का की फसल सूख गई थी। इसको लेकर उसने 22 जून को पुलिस को तहरीर देकर शिकायत की। लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे उसे उसके भाई व परिवार के लोगों ने घेर लिया। गाली गलौज कर मारपीट की। अन्य ग्रामीणों की भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वह बेटे जमील के साथ दहगवां पुलिस चौकी पहुंचा। यहां आरोपी पहले से बैठे थे। आरोप है कि चौकी के दो सिपाहियों ने आरोपियों के एक पूर्व मंत्री से संबंध होने को लेकर जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद दोनों सिपाही उसे चौकी के कमरे में ले गए। जहां उसके साथ मारपीट की। एक कोरे कागज पर जबरन अंगूठा लगवा लिया।
चौकी में बनाया बंधक, एनकाउंटर की दी धमकी
पीड़ित का आरोप है कि दोनों सिपाहियों ने आरोपियों को वहां से जाने दिया। इसके बाद उसे चौकी के कमरे में बंधक बनाया। बेटे जमील से 50 हजार रुपये की मांग करते हुए उसे एनकाउंटर में मारने की धमकी दी। इससे बेटा डर गया। वह गांव पहुंचा। उसने पांच हजार रुपये की व्यवस्था करके चौकी पहुंचा और सिपाहियों को दिए। तब उसे छोड़ा गया। आरोप है कि सिपाहियों ने एक महिला से दुष्कर्म का आरोप लगवाकर जेल भेजने की धमकी दी।