तहसील क्षेत्र के गांव सिलारपुर का मंगलवार को एडीएम (एफआर) राजेंद्र प्रसाद यादव ने गांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में मिले दो कुपोषित बच्चों को लेकर उन्होंने नाराजगी जाहिर की। साथ ही शीघ्र उनका उपचार कराएं जाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए।
एडीएम ने पहले गांव के विकास के संबंध में लोगों से जानकारी ली। जिस पर ग्राम प्रधान रिजवान अहमद समेत गांव के कई लोगों ने गांव अधूरी पड़ी सीसी सड़क को लेकर शिकायत की। उन्होंने शीघ्र इसकी जांच कराकर निर्माण पूरा कराए जाने का भरोसा दिलाया। कुछ लोगों ने गांव के विद्युतीकरण को लेकर शिकायत की। उन्होंने बताया कि गांव में पोल लगा दिए गए हैं, उन पर लाइन नहीं खींची गई। गांव में शाम होते ही अंधेरा हो जाता है।
एडीएम ने गांव में मिले कुपोषित बच्चे डेढ़ साल के निशांत एवं नौ माह की अनुराधा के परिवार के लोगों से बातचीत की। साथ ही उनको सहसवान और जिला अस्पताल पर इनका उपचार कराए जाने के निर्देश दिए, ताकि वह कुपोषण से बाहर निकल सके। इस दौरान एसडीएम विधान जायसवाल, आरआई किशन लाल, सुपरवाइजर दयावती, कार्यकत्री विमला देवी आदि मौजूद रहीं।