कछला घाट पर साधु समेत दो लोगों के शव मिलने के बाद मौके पर जुटे पुलिस कर्मियों समेत श्रद्धालु। स
उझानी/कछला। गंगा के जलस्तर में कमी आने के साथ ही शुक्रवार दोपहर दो शव उतारते हुए किनारे आ गए। दोनों की शिनाख्त कराने के लिए पुलिस ने साधु-संतों को भी बुला लिया। लेकिन उनकी शिनाख्त नहीं कर पाई। इनमें साधु के शव को संतों की मौजूदगी में घाट के पास ही दफना दिया गया। दूसरे शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
गंगा किनारे श्मशान घाट के पास करीब 65 वर्षीय साधु के शव दोपहर करीब 12 बजे देखा गया। श्रद्धालुओं ने इसकी जानकारी प्रसाद विक्रेता को दी तो मौके पर भीड़ लग गई। पुलिस चौकी से दरोगा अशोक पांडेय अन्य पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे। उन्होंने आश्रमों से साधु- संतों को बुलाकर शव दिखाया, लेकिन कोई भी पहचान नहीं कर पाया। मृतक साधु के शरीर पर पीले रंग का कुर्ता और सफेद चादर थी। इसके कुछ देर बाद सड़क मार्ग के पुल के पास नाविक की नजर करीब 45 वर्षीय अज्ञात युवक के शव पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचा दिया। मृत युवक के शरीर पर सिर्फ कच्छा था। आशंका है कि युवक का शव किसी ऐसे श्रद्धालु का हो सकता है जो गंगा स्नान को आया होगा। स्नान के दौरान डूबने से उनकी मौत हो जाने की आशंका है।
चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने साधु- संतों से मशविरा के बाद साधु के शव को गंगा किनारे ही दफन करवा दिया। अज्ञात युवक के शव को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। शिनाख्त होेने तक शव मोर्चरी में रखा रहेगा। पुलिस ने युवक की फोटो लेकर आसपास के थानों को भेजे जाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने जिले के सभी थानों से गुमशुदगी युवकों के बारे में भी जानकारी ली है।