जरीफनगर। शुक्रवार रात दो बाइकों के टकरा जाने से छह युवक घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची जरीफनगर थाना की नाधा चौकी पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। इलाज के दौरान एक 18 साल के युवक मोहित की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों बाइकों पर तीन-तीन युवक बैठे हुए थे। किसी ने भी हेलमेट नहीं लगाया हुआ था।
शुक्रवार की रात थाना जरीफनगर के नाधा चौकी क्षेत्र में गांव नाधा के पास ही दो बाइकों में आपस में टक्कर हो जाने के कारण दोनों पर बैठे तीन-तीन यानी छह युवक घायल हो गए। मौके पर नाधा चौकी पुलिस ने पहुंचकर सभी युवकों को पहले सीएचसी दहगवां पहुंचाया। वहां से उचित उपचार के लिए घायलों के परिजन, उन्हें बदायूं मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां उपचार के दौरान मोहित (18 साल) पुत्र योगेंद्र निवासी ग्राम कादरपुर थाना जरीफनगर की मौत हो गई। हादसे में मोहित के साथ बाइक पर मनोज पुत्र स्वराज और अंकित पुत्र राम भजन के चोटें आई हैं। वहीं दूसरी बाइक पर सवार अर्जुन पुत्र नत्थू, कृपाल पुत्र चंद्रपाल निवासी सोन खेड़ा और नन्हे पुत्र गंगाराम निवासी नाधा को काफी चोटें लगी हैं।
जरीफनगर एसओ सुमित कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मेडिकल कॉलेज से मेमो मिला था, जिस पर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया।
बाइक टकराने में मौत, पुलिस की मौजूदगी में हुई अंत्येष्टि
जरीफनगर चौकी क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर में ग्राम कादरचौक निवासी मोहित की मौत के बाद शव जब घर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। बता दें कि मृतक मोहित के एक भाई की पहले मौत हो चुकी है। घटना से गांव में शोक की लहर है। पुलिस की मौजूदगी में ही उसकी अंत्येष्टि की गई।