दो अप्रैल को अमर उजाला में प्रकाशित खबर
बदायूं। आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइंस थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और नगदी बरामद की है। बता दें कि बीती दो अप्रैल को अमर उजाला ने इससे जुड़ी खबर का प्रकाशन किया था। इसके बाद अब यह कार्रवाई हो रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिसौली क्षेत्र में कुछ लोग मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा लगा रहे हैं।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बिसौली पेट्रोल पंप के पास छापेमारी कर अमन पुत्र अनिल कुमार निवासी बुद्ध बाजार, थाना बिसौली तथा जतिन मिश्रा पुत्र रमाकांत मिश्रा निवासी शिव कॉलोनी, थाना बिसौली को मौके से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी मोबाइल के माध्यम से सट्टे की खाईबाड़ी करते पाए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक सैमसंग (नीला) और एक वीवो (हरा) टच स्क्रीन मोबाइल फोन और नगद रुपये बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना सिविल लाइंस पर केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जतिन मिश्रा का आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिस पर पूर्व में कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध सट्टेबाजी और जुए के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सट्टेबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस मामले में दो आरोपी पकड़े गए हैं। - अंकिता शर्मा, एसएसपी