चोरी की बाइक समेत पकड़े गए दो अभियुक्त। संवाद
म्याऊं। अलापुर की म्याऊं चौकी पुलिस ने शनिवार की रात बाइक चोरी के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इनके पास से चोरी की बाइक, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। म्याऊं साप्ताहिक बाजार से 26 जून को रूखड़ा गांव निवासी सुरजीत की बाइक चोरी हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी थी। शनिवार की रात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर म्याऊं श्मशान भूमि के पास पुलिया से दो आरोपियों को साप्ताहिक बाजार से चोरी की बाइक सहित पकड़ लिया। अभियुक्तों की पहचान भसुंधरा निवासी परवेज उर्फ टिंकू और अखलाख के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान परवेज के पास से एक तमंचा और 12 बोर के दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। वहीं, परवेज के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग से मामला दर्ज किया गया है। संवाद