पूर्व विधानसभा प्रत्याशी उस्मान गद्दी पर कातिलाना हमले के दो आरोपियों को सोमवार को पुलिस ने लालपुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से एक देशी रिवाल्वर भी बरामद हुआ है। हालांकि, घटना को अंजाम लाइसेंसी रिवाल्वर से दिए जाने की बात कही जा रही है।
शहर के मोहल्ला ऊपरपारा निवासी उस्मान गद्दी का नौ अप्रैल की रात लालपुल के पास वाहनों से पार्किंग वसूलने वाले ठेकेदार के गुर्गों से विवाद हो गया था। यहां उस्मान पर ठेकेदार के गुर्गों ने फायरिंग कर दी। उस्मान को चार गोलियां मारी गईं। मामले में घायल की ओर से नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार को पुलिस ने लालपुल इलाके से अली मोहम्मद और फिरासत अली को गिरफ्तार कर लियार। इनके कब्जे से पुलिस को देशी रिवाल्वर भी मिला है। हालांकि, मुख्तार नाम का आरोपी अभी भी फरार है। इंस्पेक्टर कोतवाली मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तीसरे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।